जोशीमठ। नगर क्षेत्र में खुले में छोड़ी गई आवारा गायें हादसों का शिकार हो रही हैं। शनिवार रात फायर सर्विस-पुलिस लाइन क्षेत्र में एक गाय अचानक खाई में गिर गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने गाय को खाई से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के सभी वार्डों में आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं, कई गायें सड़क पर ही बछड़े दे रही हैं। इससे आवागमन बाधित होने के साथ ही भालू का खतरा भी बढ़ गया है। वन विभाग लगातार अपील कर रहा है कि पशुओं को खुले में न छोड़ें, क्योंकि भालू गायों पर हमला कर रहा है।
सुनील वार्ड सभासद प्रदीप पंवार ने बताया कि उनके द्वारा कई बार सर्च ऑपरेशन चलाकर झाड़ियों और चट्टानों से गिरी गायों को निकाला गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उनका ध्यान रखें।