इंस्टाग्राम पर दोस्ती और नाबालिग से दुष्कर्म, ब्लैकमेल का आरोपी बिजनौर से गिरफ्तार

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए एक नाबालिग को अपने जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने के आरोपी को पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 सितंबर को पीड़िता की मां ने कनखल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि बिजनौर निवासी अजय नाम के युवक ने इंस्टाग्राम पर उनकी नाबालिग बेटी से दोस्ती की और लगातार मिलने का दबाव बनाने लगा। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर आरोपी वहां पहुंचा और पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने फोटो और वीडियो बनाकर नाबालिग को ब्लैकमेल करना और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। नाबालिग से जुड़ा गंभीर मामला होने के कारण एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने रात में ही बिजनौर के ग्राम नारायणवाला (थाना रेहड़) में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा। आरोपी की पहचान अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, अपर उपनिरीक्षक मुकेश धीमान और हेड कांस्टेबल रविन्द्र तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *