लाखों की कैटामाइन के साथ एसटीएफ ने दबोचे दो शातिर तस्कर

बरामद 1.521 किलोग्राम कैटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये

देहरादून। राज्य एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने 1.521 किलोग्राम कैटामाइन बरामद कर 02 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने जानकारी देते हुए बताया कि एसटीएफ को प्राप्त इनपुट के आधार पर सेलाकुई क्षेत्र में घेराबंदी कर 02 तस्करों को 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिनके द्वारा स्कूटी की डिक्की में उक्त अवैध ड्रग छिपाकर ले जायी जा रही थी। टीम के साथ मौके पर उपस्थित औषधि निरीक्षक द्वारा ड्रग की की पहचान कैटामाइन के रूप में की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को इसकी आपूर्ति करने जा रहे थे। पुलिस द्वारा इस सूचना के आधार पर मादक पदार्थ की आपूर्ति श्रृंखला, इसके स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में शुभम कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी जमनपुर, सेलाकुई, जनपद देहरादून तथा अंकित तिवारी पुत्र दिनेश, निवासी नगला कल्लू, शाहाबाद देहात, जनपद हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई, जनपद देहरादून हैं। आरोपियों से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन,एक स्कूटी जूपिटर तथा दो मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।

एसएसपी, एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें तथा किसी भी प्रकार के लालच में आकर मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराध में शामिल न हों। यदि कहीं भी नशा तस्करी अथवा मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो उसकी जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन अथवा एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखण्ड को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *