महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए धामी सरकार की त्वरित कार्रवाई सराहनीय : रुचि भट्ट
देहरादून। महिलाओं के प्रति सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के मामले में दर्ज एफआईआर के उपरांत देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेंद्र उत्तराखंडी को गिरफ्तार कर डालनवाला थाने लाया गया।
दूसरी ओर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट के नेतृत्व में आज बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कोतवाली डालनवाला पहुँचीं और पुलिस अधिकारियों से भेंट कर महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए की गई शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई हेतु उनका धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेशभर में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाई थी और पुलिस प्रशासन ने अत्यंत संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
रुचि भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कानून का राज स्थापित है और महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता लगातार दिखाई देती है। यह कार्रवाई उन सभी लोगों के लिए एक स्पष्ट संदेश है जो सोशल मीडिया की आड़ में महिलाओं का अपमान करने का प्रयास करते हैं। ऐसे किसी भी कृत्य को न तो समाज स्वीकार करेगा और न ही कानून।
इस अवसर पर उपस्थित महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति संगठित है और महिलाओं के सम्मान पर किसी भी प्रकार का आघात अब बिना कानूनी कार्रवाई के नहीं छोड़ा जाएगा। महिला सम्मान सर्वोपरि है और उसकी रक्षा के लिए समाज तथा प्रशासन का यह समन्वय भविष्य में भी इसी प्रकार बना रहेगा। इस अवसर पर डॉ हिमानी वैष्णव, डॉ नेहा शर्मा, सुमन सिंह, बबली चौहान, पूनम शर्मा, नीलू साहनी, पूनम ममगाईं, डॉ दिव्या नेगी, मनोरमा काला, रानी सैनी समेत पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।