5 हजार के इनामी चरस सप्लायर गिरफ्तार, दो एनडीपीएस मामलों में था फरार

देहरादून। पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी चरस सप्लायर को उत्तरकाशी से गिरफ्तार किया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था।

थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने यह कारवाई की है। पुलिस के अनुसार एक मार्च को भीमगोड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान टीवीएस बाइक सवार मेनपाल और राजकुमार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से क्रमशः 503 ग्राम और 501 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई थी। इस संबंध में थाना लक्ष्मणझूला में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके बाद 25 जून 2026 को लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान चंद्रपाल के कब्जे से 1.062 किलोग्राम अवैध चरस बरामद होने पर एक अन्य एनडीपीएस मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों मामलों की विवेचना के दौरान पूछताछ और साक्ष्यों से पता चला कि बरामद चरस की सप्लाई उत्तरकाशी के मनेरी निवासी बृजपाल द्वारा की गई थी।
पुलिस के अनुसार, बृजपाल लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गठित पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी, सूचना संकलन और संभावित स्थानों पर दबिश देकर 18 जुलाई 2026 को आरोपी को मनेरी, जनपद उत्तरकाशी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *