गंग नहर में कूदी मां, एक साल की मासूम बच्ची के साथ लापता

देहरादून। थाना बहादराबाद क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डीपीएस कॉलेज (दौलतपुर) के पास पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक महिला ने अपनी एक वर्षीय मासूम बेटी के साथ गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही मां-बेटी लापता हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर गंगनहर में सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है।

मायके जाते समय रास्ते में हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन (35 वर्ष), पुत्र बालेश्वर, निवासी कोटा मुरादनगर (थाना कलियर), अपनी पत्नी सविता (30 वर्ष) और दो बच्चों के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपनी ससुराल (सविता के मायके) रायपुर दरेड़ा (थाना बहादराबाद) जा रहा था। सफर के दौरान डीपीएस कॉलेज के समीप किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी कहासुनी हो गई।

मासूम को गोद में लेकर नहर में लगाई छलांग
बताया जा रहा है कि विवाद से आक्रोशित होकर सविता ने चलती बाइक को रुकवाया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अपनी एक वर्षीय बेटी ‘नोनी’ को गोद में लिया और गंगनहर की तेज धारा में छलांग लगा दी। इस दौरान मोटरसाइकिल पर मौजूद उनका चार वर्षीय बेटा ‘नक्श’ पूरी तरह सुरक्षित है, जो घटना का चश्मदीद भी बना।

एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी, परिजनों 
सड़क पर राहगीरों और पति की चीख-पुकार सुनकर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बहादराबाद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल पुलिस व एसडीआरएफ की फ्लड टीम को बुलाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला और उसकी एक साल की बच्ची को तलाशने के लिए गंगनहर में गोताखोरों की मदद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल दोनों का कुछ पता नहीं चल सका है। इस खौफनाक कदम की खबर लगते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजन मौके पर मौजूद हैं और भगवान से दोनों के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पति अर्जुन सहित अन्य परिजनों से पूछताछ की जा रही है कि आखिर विवाद की मुख्य वजह क्या थी। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *