नैनीताल : मानसून के दौरान जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने संवेदनशील वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर अवैध पेड़ कटान और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। नैनीताल वन प्रभाग के वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि बरसात के मौसम में बारिश और घने कोहरे का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व जंगलों में प्रवेश कर अवैध रूप से पेड़ों की कटाई तथा वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। इसे देखते हुए विभाग ने चीना पीक, हनुमानगढ़ी, टिफिन टॉप समेत अन्य संवेदनशील वन क्षेत्रों में नियमित गश्त शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि गश्ती दल संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। साथ ही वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है। वन विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि जंगलों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।