बारिश के बाद जिला अस्पताल में बढ़ी मरीजों की भीड़, वायरल और बुखार के मामले अधिक

नैनीताल। मौसम में बदलाव और लगातार हो रही बारिश के बाद राजकीय बीडी पांडे जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार और मंगलवार को अस्पताल की ओपीडी में कुल 891 मरीज पहुंचे, जबकि बुधवार को भी पंजीकरण काउंटरों पर सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखने को मिली। अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, जुकाम, बुखार, वायरल संक्रमण तथा अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित हैं। चिकित्सकों के अनुसार बारिश और कोहरे के कारण इन बीमारियों के मामलों में तेजी आई है। अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. महिमन सिंह दुग्ताल ने बताया कि बारिश में भीगने और मौसम में अचानक आए बदलाव का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से बीमार लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से बारिश में भीगने से बचने, भीग जाने पर तुरंत सूखे कपड़े पहनने, गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने और संतुलित आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि बुखार, खांसी या अन्य लक्षण लगातार बने रहें तो स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए, ताकि समय पर उचित उपचार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *