हरिद्वार। हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र मे श्रद्धालुओं की बस सड़क मे पलटने से एक महिला की मौत हो गयी,जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र मे अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार सप्तऋषि क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर बस से टक्कर से बचने के लिए नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसा।
पुलिस के अनुसार हादसा शांतिकुंज के पास हाईवे पर हुआ। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को बैक किया जा रहा था। अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत कार्य चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर पत्नी भंवर सिंह निवासी नागौर, राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में बस को बैक करते समय संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है।