हल्द्वानी/देहरादून। विजिलेंस ने रिश्वत लेते दो अलग अलग मामलों मे पुलिस कांस्टेबल और नगर निगम के सुपरवाइजर को गिरफ्तार किया है।
मामला नैनीताल का है। शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नम्बर-1064 पर शिकायत की थी कि वह सरकारी खनन पट्टे पर RBM निकालने का कार्य करते हैं। RBM को निकालकर उसको स्थानीय स्टोन क्रेशर पर भेजने में वाहन का प्रयोग किया जाता है। कांस्टेबल दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर थाना कोतवाली खटीमा उधम सिंह नगर हाल तैनाती थाना बेतालघाट जनपद नैनीताल द्वारा उक्त RBM को खनन पट्टे से स्थानीय स्टोन क्रेशर तक परिवहन करने में अनावश्यक रोकटोक एवं उसका चालान करवाने व वाहन सीज कराने का भय दिखाकर शिकायतकर्ता से 45000/- रुपये अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता द्वारा लगाये गये आरोप प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी, नैनीताल में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया। ट्रैप टीम द्वारा आज आरोपी का0 दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर थाना कोतवाली खटीमा उधम सिंह नगर तैनाती थाना बेतालघाट जनपद नैनीताल हाल निवासी चापड़ देव सिंह का मकान को शिकायतकर्ता से 45000/- रुपए अवैध रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
निदेशक सतर्कता डॉ0 वी0 मुरूगेशन महोदय द्वारा अपील की गयी है कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाईन नं0 1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं0 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें ।
3 हजार की रिश्वत लेते धरा गया सुपरवाइजर
एक अन्य मामले मे शिकायतकर्ता द्वारा टोल फ्री नम्बर-1064 पर शिकायत की थी कि उसकी चांदचक रोड बंजारावाला देहरादून में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। जिसके पास पानी फैले होने पर सुपरवाइजर/ सफाई नायक अंकुश कुमार नगर निगम देहरादून द्वारा उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम ,2016 के तहत 10000/- रुपए का चालान किया गया था जिसको निपटाने के एवज में आरोपी द्वारा 3000/- रुपए अवैध रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता द्वारा लगाये गये आरोप प्रथम दृष्टया सही पाये जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत किया गया तथा पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर देहरादून द्वारा ट्रैप टीम का गठन किया गया। ट्रैप टीम द्वारा आज आरोपी सुपरवाइजर/ सफाई नायक अंकुश कुमार को को शिकायतकर्ता से 3,000/- रुपए रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।