सैन्य से सार्वजनिक जीवन के सफर मे खंडूरी का कार्यकाल अभूतपूर्व एवं प्रेरणादायी: चौहान

खंडूरी ने दिल्ली-पौड़ी को हाइवे से जोड़ने सहित राज्य के विकास मे गढ़े कई मील के पत्थर

देहरादून। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे देवभूमि की अपूर्णीय क्षति बताया है। उन्होंने कहा कि जनरल खंडूरी को ऐसे नेता के तौर पर याद किया जायेगा जिन्होंने सैन्य और सार्वजनिक जीवन मे यादगार सफर तय कर विकास के कई आयाम गढ़े। उन्होंने कहा कि दिवंगत खंडूरी जी ने स्वच्छ, पारदर्शी और ईमानदार राजनीति की दिशा में मील का पत्थर स्थापित किया, जो आने वाली पीढ़ियों के राजनैतिक सफर में पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करता रहेगा।

अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि सेना में लंबी सेवा देने और सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने राजनीति के माध्यम से देश सेवा का जीवनपर्यंत विकल्प अपनाया। तदोपरांत उन्होंने बतौर सांसद, केंद्रीय मंत्री और अंततः उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में निर्विवाद कार्यशैली का आदर्श स्थापित किया। उनके द्वारा अपनी भूमिका के माध्यम से किए गए अभूतपूर्व और निर्णायक विकास कार्य किए गए। आज भी देश में स्थापित होते इंफ्रास्ट्रक्चर विशेषकर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में जनता उनकी वो छवि देखती है। जो अटल जी के निर्देश में समूचे देश को स्वर्णिम चतुर्भुज योजना से जोड़ने का काम किया । देवभूमि उत्तराखंड को हाइवे और व्यवस्थित सड़कों का अहसास तो खंडूरी जी ने दिल्ली पौड़ी राजमार्ग बनाकर कराया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के नाते जो भी कार्य किए उनसे प्रत्येक उत्तराखंडवासी को देशभर में गौरवान्वित होने का अवसर दिया।

राज्य में उनका मुख्यमंत्री कार्यकाल भी ऐतिहासिक और अभूतपूर्व विकास कार्यों के साथ उनकी ईमानदार, अनुशासित और स्पष्ट नीतियों के रूप में हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा। उनका ये कार्यकाल और उनकी कार्यपद्धति आने वाली पीढ़ियों के लिए एक आदर्श व्यवहार और मार्गदर्शिका के रूप प्रेरणा देने का काम करेगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस असीम दुख की घड़ी में उनके शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों के साथ खड़ा है। उनके द्वारा दिखाए रास्ते और आदर्श मापदंड प्रदेश के सामाजिक एवं राजनैतिक कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन करता रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *