देहरादून। पिथौरागढ़ थल-मोटर मार्ग पर एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा थल बाजार से करीब चार किलोमीटर दूर हुआ, जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे मे मालासीमा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रदीप ज्याला पुत्र दरपान ज्याला और 19 वर्षीय बॉबी सिंह देउपा पुत्र डिगर सिंह देउपा की मौत हो गयी। वहीं 25 वर्षीय बलवंत भंडारी पुत्र प्रमोद भंडारी को चोटें आई हैं। हादसे के बाद पूरे मालासीमा गांव में मातम पसर गया।
बताया जा रहा है कि प्रदीप और बॉबी दोनों ही अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। शाम को परिजन घर पर उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे और खाना तैयार किया जा रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद बेटों की मौत की खबर पहुंच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने के बाद थल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।