छात्र हत्याकांड के दो आरोपियों को बंगाल से लायी पुलिस, घटनास्थल पर दोहराया क्राइम सीन – News Debate

छात्र हत्याकांड के दो आरोपियों को बंगाल से लायी पुलिस, घटनास्थल पर दोहराया क्राइम सीन

घटना में शामिल 04 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस

घटना में फरार चल रह अन्य आरोपियों की तलाश मे पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार गैर प्रान्तों में दे रही दबिशें

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के 02 गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना में युवक की मौत के प्रकरण में पुलिस द्वारा घटना में फरार चल रहे 25-25 हज़ार के इनामी मुख्य आरोपी सहित 02 आरोपियों प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह तथा अंकुर सिंह पुत्र पुरूषोत्तम सिंह को आकाश रिसार्ट पुरूलिया थाना बांगमुण्डी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपियों का न्यायालय से ट्रांजिट रिमाण्ड लेकर देहरादून ले आयी।

गिरफ्तार आरोपियों मे प्रहलाद राज पुत्र विनय सिंह निवासी हनुमान नगर न्यू एरिया, जिला नवादा, बिहार, हाल निवासी- सैनिक कॉलोनी फेज-2, थाना प्रेमनगर, देहरादून (मुख्य आरोपी) तथा अंकुर पुत्र पुरुषोत्तम कुमार निवासी महल्दीचक सोनपर, जिला गोपालपुर, बिहार, हाल निवासी – सैनिक कॉलोनी फेज-2, थाना प्रेमनगर, देहरादून हैं।

पुलिस ने दोनो गिरफ्तार आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया गया तथा घटना के संबंध में आवश्यक पूछताछ की।

छात्र गुटों मे मारपीट के बाद दिव्यांशु की हुई थी मौत

गौरतलब है कि बीते 23 मार्च की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट हुई थी। घटना में बीटेक का छात्र दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई।

घटना के बाद मृतक के स्वजन की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस चार आरोपित युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल, शिवम शर्मा व अंकित भारद्वाज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान सात अन्य आरोपितों की पहचान हुई, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

फरार आरोपी ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्ज्वल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित करते हुए सभी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी हासिल किए। फरार चल रहे सात इनामी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। लेकिन आरोपी ठिकाने बदलते रहे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *