देहरादून। उक्रांद ने बाइक टैक्सी प्लेटफॉर्म रेपिडो की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए एसएसपी को ज्ञापन दिया। यूकेडी कार्यकर्ताओ ने कहा कि प्लेटफॉर्म पर चालकों के पंजीकरण एवं सत्यापन की प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरती जा रही है, जिससे महिलाओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है।
केंद्रीय महामंत्री मीनाक्षी घिल्डियाल ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आमजन रेपिडो सेवा का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन चालक सत्यापन की प्रक्रिया अत्यंत कमजोर होने के कारण आपराधिक प्रवृत्ति के लोग भी आसानी से इस प्लेटफॉर्म से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में रेपिडो चालकों द्वारा छेड़छाड़, दुर्व्यवहार, चोरी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामले सामने आ चुके हैं। कुछ घटनाओं में यह भी पाया गया है कि बुकिंग के दौरान प्रदर्शित वाहन एवं चालक की जानकारी वास्तविकता से मेल नहीं खाती, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि पार्सल डिलीवरी सेवाओं के माध्यम से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। प्रशासन इस प्रक्रिया के दुष्प्रभाव को लेकर उदासीन बना हुआ है।
उन्होंने माँग की कि रेपिडो से जुड़े सभी चालकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन किया जाए। बिना सत्यापन के किसी भी चालक को संचालन की अनुमति न दी जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए SOS, लाइव ट्रैकिंग एवं हेल्पलाइन जैसी सुविधाएं अनिवार्य की जाएं तथा राज्य स्तर पर सख्त दिशा-निर्देश लागू किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मामले मे कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों मे संगठन महामंत्री नैना लखेरा, महिला अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी, उत्तरा पंत बहुगुणा, रविंद्र ममगईं, कल्पना बिजलवान, सुनील मंडोलिया, गिरीश कोठारी आदि मौजूद रहे ।