फेस बुक मे हुआ प्यार, लिव इन मे ठिकाना और दोहरा हत्याकांड, गिरफ्तार – News Debate

फेस बुक मे हुआ प्यार, लिव इन मे ठिकाना और दोहरा हत्याकांड, गिरफ्तार

माँ बेटे की हत्या का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के सुमाड़ी में माँ बेटे की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने ही अपने लिव इन पार्टनर और उसके 9 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या की थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक बहादुर उर्फ दिल बहादुर (उम्र 36) है वो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और यहां मजदूरी का कार्य करता है। हत्याकांड के बाद वह दिल्ली फरार हो गया था।

गौरतलब है कि 6 मार्च को शाम 7:30 बजे चौकी प्रभारी जखोली को योगेंद्र सिंह (निवासी सुमाड़ी तिलवाड़ा) ने सूचना दी कि उनके हाइडिल कॉलोनी के पास स्थित मकान में किराये पर रह रहे नेपाली मूल के व्यक्ति दीपक बहादुर के कमरे से तेज बदबू आ रही है। कमरे के भीतर कंबल में लिपटे एक महिला और एक बच्चे के शव पड़े थे, जबकि किराएदार दीपक बहादुर मौके से फरार था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया. दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया। कोतवाली रुद्रप्रयाग में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बाद मे पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।

शादीशुदा था आरोपी और फेस बुक पर हुआ प्यार

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी व तीन बच्चे नेपाल में रहते हैं। साल 2025 में फेसबुक पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई। महिला भी पहले से विवाहित थी और उसके दो बच्चे थे। जिनमें से एक 9 वर्षीय इस घटना में मृत पाया गया।महिला से उसकी मुलाकात हिमाचल में हुई थी। महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि काफी समय से महिला और दीपक बहादुर साथ रह रहे थे। पहले दोनों उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे थे। करीब एक माह पहले वे सुमाड़ी में किराये के कमरे में रहने लगे थे।

पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच आरोपी और महिला के बीच घरेलू विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद 9 वर्षीय बच्चे की भी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी दोनों शवों पर कंबल डालकर मौके से फरार हो गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *