महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा मुख्यालय कूच

देहरादून। महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के विरोध मे प्रदेश महिला कांग्रेस ने भाजपा मुख्यालय कूच कर प्रदर्शन किया। कूच के दौरान सड़कों पर घण्टों हंगामा होता रहा और कॉंग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। महिला कॉंग्रेस ब्रिगेड ने पुलिस की किलेबन्दी को तोड़ते हुए बैरिकेडिंग पर चढ़कर घण्टों प्रदर्शन किया।

मीडिया से बात करते हुए अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि जब NARI 2025 रिपोर्ट देहरादून को देश के सबसे असुरक्षित शहरों में गिनाती है और NCRB के आँकड़े बताते हैं कि उत्तराखंड में महिलाओं पर अत्याचार हर साल बढ़ रहे हैं, तो सवाल उठाना ही होगा। दिन में 70% महिलाएँ खुद को सुरक्षित मानती हैं, लेकिन रात में यह भरोसा केवल 44% रह जाता है। 50% महिलाएँ सार्वजनिक परिवहन में उत्पीड़न झेल चुकी हैं और केवल 25% को ही पुलिस पर भरोसा है। 2022 में 4,337 मामले दर्ज हुए, जिनमें 867 बलात्कार और 637 बच्चों के खिलाफ यौन अपराध थे। क्या यह बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल है? भाजपा सरकार आँकड़े छिपाकर पीठ थपथपा रही है, जबकि महिलाएँ त्रस्त हैं। हमारा यह प्रतीकात्मक शुद्धिकरण भाजपा सरकार और प्रशासन को जगाने का प्रयास है।

भाजपा मुख्यालय के करीब पुलिस ने सख्त बैरिकेडिंग लगा दी थी लेकिन कॉंग्रेस का जोश हाई नजर आया सुबह तय समय पर कॉंग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता और दिग्गज नेताओं का जुटना शुरू हो गया था जो धीरे धीरे बड़े रैली के रूप में तब्दील हो गया।

विरोध प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के प्रति असंवेदनशील है। आये दिन उत्पीड़न की घटनाओं में भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं का नाम आता है लेकिन मुख्यमंत्री धाकड़ धामी सिर्फ अपनी पीठ थपथपाने में लगे रहते हैं।”

वहीं पूर्व विधायक रंजीत रावत ने कहा कि महिला उत्पीड़न के अधिकांश मामलों में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल पाए जाते हैं। सरकार अपराधियों को बचा रही है।
प्रदर्शन में शामिल प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने कहा कि भाजपा के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे की असलियत अब खुल चुकी है। भाजपा राज में महिलाएँ त्रस्त हैं और भाजपाई मस्त है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हुए जिनमें पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, पूर्व विधायक रंजीत रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा, नजमा खान, यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष बंटू, पार्षद रॉबिन त्यागी, चंद्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, निधि नेगी, सुशीला शर्मा, इशिता सेडा, डीएवी अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, पायल बहल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *