देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव मे भाजपा को 10 जिप अध्यक्ष पदों पर कामयाबी मिली है। नैनीताल मे अदालत ने 18 अगस्त को दोबारा मतदान के निर्देश दिये हैं।
नतीजों के मुताबिक, चमोली में दौलत सिंह बिष्ट, पौड़ी गढ़वाल में रचना बुटोला, अल्मोड़ा में हेमा गैड़ा, रुद्रप्रयाग में पूनम कठैत और बागेश्वर में शोभा आर्य ने जीत दर्ज की. ये सभी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हैं. जबकि एक सीट देहरादून में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले को छोड़कर शेष 12 जिलों में पंचायत चुनाव हुए हैं। हालांकि 5 जिलों जिसमें टिहरी गढ़वाल में इशिता सजवाण, उत्तरकाशी में रमेश चौहान, चंपावत आनंत सिंह अधिकारी, उधम सिंह नगर में अजय मौर्या और पिथौरागढ़ में जितेंद्र प्रसाद के रूप मे बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।17 ब्लॉक प्रमुख भी बीजेपी के निर्विरोध बन चुके हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दो चरणों में हुए. पहली वोटिंग 24 जुलाई को हुई थी। दूसरे चरण की वोटिंग 28 जुलाई को संपन्न हुई थी। और 31 जुलाई को मतगणना हुई थी।
चमोली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी का इस्तीफा
पंचायत चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए चमोली में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पार्टी के जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को त्याग पत्र भेजते हुए मुकेश नेगी ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित सदस्यों के पर्याप्त संख्याबल के बावजूद जनपद चमोली में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख जीत दर्ज करने में असफल रहे।
सीएम धामी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को दी बधाई
सीएम धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा अधिकृत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों दौलत सिंह बिष्ट (चमोली), रचना बुटोला (पौड़ी), हेमा गैड़ा जी (अल्मोड़ा), पूनम कठैत (रुद्रप्रयाग) और शोभा आर्य (बागेश्वर) की ऐतिहासिक विजय पर बधाई व शुभकामनाएं दी। भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों ने 11 में से 10 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। यह उपलब्धि जनता के विश्वास, संगठन की शक्ति एवं सतत जनसेवा के संकल्प का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनन्त शुभकामनाएं दी है।