रुद्रपुर। दूसरे समुदाय के युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही हिंदू युवती को खौफनाक मौत देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरियाणा पुलिस ने खटीमा कोतवाली पुलिस की मदद से आरोपी युवक की निशानदेही पर युवती का धड़ खटीमा के नदन्ना नहर से बरामद किया है। पुलिस को अभी युवती के सिर की तलाश है।
जानकारी के अनुसार सितारगंज के ग्राम गौरीखेड़ा निवासी 25 वर्षीय मुस्ताक अहमद पुत्र अली अहमद की बंगाली कालौनी नानकमत्ता निवासी 32 वर्षीय पूजा विश्वास की मुलाकात रूद्रपुर रोडवेज स्टेशन में हरियाणा जाते वक्त पूर्व में हुई थी। जहां से दोनों में प्रेम-प्रसंग हो गया। पूजा अपनी बहन के साथ हरियाणा में स्पा सेंटर में काम करती थी। प्रेम-प्रसंग होने के बाद वह गुड़गावं हरियाणा चले गए और वहां वह लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। वहीं मुस्ताक हरियाणा में कैब चलाने का काम करने लगा।
मुस्ताक की शादी बनी विवाद की वजह
इसी बीच मुस्ताक अपने घर सितारगंज गौरीखेड़ा आया और नवंबर 2024 में उसने दूसरी युवती से शादी कर ली। लिव इन रिलेशनशिप में रह रही पूजा को जब पता चला कि मुस्ताक ने दूसरी शादी कर ली है तो वह उसके घर पहुंची और उसने शादी का विरोध किया तो उक्त मामले में पंचायत भी हुई। इसके बाद मुस्ताक लिव इन रिलेशनशिप में रह रही पूजा को इस्लाम नगर खटीमा में अपने बहन के घर लेकर आया। 16 नवंबर 2024 को वह पूजा को खटीमा कोतवाली क्षेत्र के नदंन्ना काली पुलिया अंडर पास नहर के पास ले गया। जहां उसने उसकी गला काटकर हत्या कर दी और धड़ को चादर में लपेट कर तथा सिर को कट्टे में डालकर नहर में फेंक दिया।
हरियाणा पुलिस की जांच मे हुआ खुलासा
पूजा की छोटी बहन पूर्मिला ने जब बहन के कई दिनों तक न आने पर अपने परिजनों को बताया। इस पर युवती के परिजनों ने उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज कोतवाली में पुत्री के लापता होने की सूचना दी, लेकिन पुलिस द्वारा पूजा विश्वास की गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई। इसके उपरांत हरियाणा स्पा सेंटर में काम कर रही पूजा की बहन पूर्मिला ने 19 दिसंबर 2024 को गुड़गांव सेक्टर तीन हरियाणा थाने में बहन की गुमशुदगी दर्ज कराई। हरियाणा पुलिस ने मामले की जांच करते हुए लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे मुस्ताक को बुधवार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। मामले की जांच पड़ताल करते हुए हरियाणा पुलिस मुस्ताक को सितारगंज से खटीमा थाने लेकर आई। जहां मुस्ताक की निशानदेही पर चादर में लिपटी सिर कटी पूजा की लाश खटीमा से बरामद हुई। कट्टे में बांध कर फेंके गए सिर की पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन सिर बरामद नहीं हो पाया। मृतका पूजा विश्वास के भाई सुभाष ने शव की शिनाख्त दुपट्टे से की। पुलिस ने सिर कटे धड़ को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल खटीमा दसौनी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद उत्तराखंड में भी रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएंगी।
पुलिस युवती के सिर की बरामदगी के लिए अब वीरवार को फिर से सर्च अभियान चलायेगी। प्रेम प्रसंग मे सिर तन से जुदा मामले के सामने आने से क्षेत्र मे खौफ पसर गया है।