देहरादून। पूर्व विधायक कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन को जेल भेजे जाने के बाद आक्रोशित गुर्जर समाज की 29 जनवरी को प्रस्तावित महापंचायत स्थगित कर दी गयी है। रोशनाबाद जेल में बंद कुंवर प्रणव चैंपियन ने पत्र भेजकर 29 जनवरी को लक्सर में होने वाली महापंचायत को टालने का अनुरोध गुर्जर समाज से की है।
उनके पत्र को चैंपियन की पत्नी देवयानी ने उनके समर्थकों के बीच पढ़ कर सुनाया और अनुरोध किया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री धामी राष्ट्रीय खेलों का आयोजन करवा रहे हैं और हमारा बेटा भी शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहा है। ऐसे में राजा साहब ने पत्र भेजकर सभी गुर्जर समाज के लोगों से महापंचायत को टालने का अनुरोध किया है। चैंपियन ने पत्र में लिखा कि कुंवर दिव्य प्रताप सिंह शूटिंग में जीत हासिल करें, इसके लिए उन्हे आशीर्वाद दे। इस मौके पर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद खारी सहित गुर्जर समाज के अन्य लोग भी मौजूद रहे।
प्रणव चैंपियन ने पत्र में लिखा कि मेरे द्वारा जो भी किया गया, मुझे उसका कोई भी पछतावा नहीं है। हम क्षत्रिय हैं और क्षत्रिय अपना अपमान बर्दाश्त नहीं करते हैं। अगर मैंने इसका जवाब दिया, तो ठीक किया। उन्होंने कहा कि इस समय उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी 38 में नेशनल गेम को कर रहे हैं, इसलिए हमारा भी फर्ज बनता है कि हम उनका साथ दें।
गौरतलब है कि खानपुर विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन की जुबानी जंग तब बढ़ गयी जब मामला गोलाबारी तक पहुँच गया। पुलिस ने उमेश और चैंपियन को गिरफ़्तार कर लिया। उमेश को कोर्ट से बेल मिल गयी जबकि चैंपियन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत मे भेजा गया है।