लैंसडौन। सामाजिक संगठन जनसेवा मंच लैंसडौन के सौजन्य नरेन्द्र क्लब में लगे रोज़गार शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं ने आवेदन किया। रोज़गार मेला संयोजक सन्तूदास ने बताया कि मारूति सुजुकी की सीटीएस कैरियर सेल के इंजीनियरों हेमन्त पांडेय, जीवन भट्ट, संजय तिवाड़ी द्वारा अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन और काउंसलिंग की गई। डॉक्यूमेंट चेक होने के बाद 211 युवाओं ने ऑन द जॉब ऑटोमोटिव मेन्यूफेक्चरिंग टेक्नीशियन के लिए ऑनलाइन परीक्षा दी। जिसमें से 87 का चयन मेडिकल जांच और साक्षात्कार के लिए हुआ जो 13 तारीख को देहरादून में होगा। उसके बाद इन युवाओं को ज्वाइनिंग लेटर दिए जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों को दो वर्षीय कोर्स के दौरान 16200 का वेतन, वर्दी, जूते, 100% उपस्थिति पर 1300 रूपए का मासिक रिवार्ड, कोर्स की अध्ययन सामग्री निशुल्क दी जाएगी।
रोज़गार शिविर में चंद्रप्रभा आईटीआई संस्थान के एडमिशन व काउंसलिंग हेड डब्बल सिंह ने उपस्थित सैकड़ों युवाओं में से 8 अभ्यर्थियों को इलेक्ट्रिशियन ट्रेड कोर्स के लिए चयनित किया। इस अवसर पर महिपाल रावत, संजय शाह, भारत नेगी, संजय कन्नौजिया के अलावा जनसेवा मंच, थानाध्यक्ष, व्यापार मंडल, टेक्सी यूनियन, अभ्युदय संस्था और स्थानीय प्रतिनिधियों ने सहयोग किया।