विश्व हैपेटाइटिस दिवस पर जनजागरुकता गोष्ठी हुई आयोजित
कोटद्वार(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। विश्व हैपेटाइटिस दिवस पर गढ़वाल इस्टिट्यूट आफ पैरामेडिकल साइंसेज क्यार्क में जनजागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में छात्र छात्राओं द्वारा पोस्टर व भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया।

सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में आयोजित गोष्ठी में टीबी रोग चिकित्सक डा. रुचि पैन्यूली द्वारा हैपेटाइटिस रोग के लक्षण व बचाव के बारे में छात्रों को जानकारी दी गयी। उन्होंने बताया कि हैपेटाइटिस एक विषाणु जनित वायरल रोग है जो कि हमारे लीवर को नुकसान पहुंचाता है जिसमें यूरिन का अधिक पीला होना, आंखों व स्किन में पीलापन, पीलिया, पेट दर्द, बदन व सिर दर्द, थकान, भूख कम लगना व उल्टियां होने के साथ ही हेपेटाइटिस बी व सी से लीवर सिरोसिस का कैंसर भी हो सकता है।
उन्होंने बताया कि इसकी रोकथाम के लिए अपने आसपास के वातावरण को साफ सुथरा रखें व मक्खियों को न पनपने दें। इसके साथ ही भोजन पकाने व खाने से पहले तथा शौच के बाद अपने हाथों को अच्छे से धोयें। इस दौरान भाषण व पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में इंस्टीट्यूट के सचिव निर्पेश तिवारी, प्रबंधक दामोदर ममगाई बीआरएम स्कूल, नीरज भण्डारी, सुबोध कुमार व नवीन नेगी सहित इंस्टीट्यूट के छात्र छात्राएं उपस्थित थे।