सौतेली मां का हत्यारा बेटा गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद – News Debate

सौतेली मां का हत्यारा बेटा गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद

कोटद्वार(चंद्रपाल सिंह चंद)। पुलिस ने सौतेली मां की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले कलयुगी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। अभियुक्त ने शुक्रवार को हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया था।

कोतवाली कोटद्वार के अंतर्गत आमपडाव खुमरा बस्ती निवासी मौ. आजाद ने शुक्रवार को तहरीर देकर बताया कि मेरे भाई अशरफ उसकी पत्नी नाजमा व साली नाजरा ने घर में आकर मेरी पत्नी व मां के साथ मारपीट कर मेरी 55 वर्षीय मां शाहिदा की चाकू से वार कर हत्या कर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 103/3(5)/352 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा काफी सुरागरसी पतारसी के बाद हत्यारोपी अभियुक्त अशरफ पुत्र स्व. खलील अहमद निवासी आमपड़ाव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात में प्रयुक्त चाकू व घटनास्थल से अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। अभियुक्त अशरफ मृतका का सौतेला बेटा है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार, उप निरीक्षक जयपाल सिंह, उप निरीक्षक किशनदत्त शर्मा, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार व आरक्षी चेतन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *