देहरादून। सीमा से एक दुखद खबर सामने आयी है। अल्मोड़ा के सोमेश्वर तहसील स्थित चनौदा, बूंगा निवासी कमल सिंह भाकुनी मणिपुर में शहीद हो गए। उन्हें गोली लगी थी। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को उनके गांव पहुंचेगा। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
बताया जाता है कि मणिपुर में तैनात 16 कुमाऊं रेजीमेंट के सैनिक कमल सिंह भाकुनी (24) को ड्यूटी के दौरान गोली लग गई। इस घटना में वह शहीद हो गए। वह चार वर्ष पूर्व सेना में भर्ती हुए थे। कमल 25 दिन पहले ही अवकाश के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। शहीद के पिता चंदन सिंह भाकुनी गांव में ही खेती-बाड़ी करते हैं जबकि माता दीपा भाकुनी गृहणी हैं। उनका बड़ा भाई प्रदीप भाकुनी भी सेना में है।
ग्राम प्रधान रमेश भाकुनी ने बताया की कमल की शहीद होने की खबर मिली हैं। बताया कि उनका पार्थिव शरीर बुधवार यानी आज पहुंचेगा। गोली कैसे लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी किसी को नहीं है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक की शहादत पर दुख जताया है।