देहरादून। राजधानी मे आज गणतंत्र पर्व की धूम रही। सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों मे तिरंगा शान से लहराया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम सबको मिलकर योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साढ़े नौ साल के कार्यकाल में हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का लाभ दिया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कार्य हुए है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ। मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना के तहत तेजी से कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। जनभागीदारी एवं जन सहयोग से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव शैलेश बगोली, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव जे.एस कांडपाल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
भाजपा मुख्यालय मे भी ध्वजारोहण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, सांसद श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास एवं महामंत्री अजय कुमार सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव ने सचिवालय मे किया ध्वजारोहण
मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने सचिवालय के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि गणतंत्र देश की बहुत बड़ी विशेषता यह होती है कि यह देश के प्रत्येक नागरिक को देश के शीर्षतम् पद तक पहुंचने का अधिकार देता है।
मुख्य सचिव ने सचिवालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम को सम्बोधित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भारत के संविधान में उल्लिखित नागरिकों के मूल कर्त्तव्यों पर ध्यान आकृषित करते हुए 10वें मूल कर्त्तव्य ‘व्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधि के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्टता की दिशा में निरन्तर प्रयास करना ताकि राष्ट्र निरन्तर प्रयास और उपलब्धि के उच्च स्तर तक पहुंचे‘ को आत्मसात् करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हम अपने उत्कृष्ट निर्णयों और कार्यों से प्रदेश और प्रदेश के नागरिकों के जीवन में सकारात्मक प्रभाव डाल कर उनके विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फैनाई, सभी सचिव एवं अपर सचिव सहित सचिवालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
सूचना निदेशालय मे ध्वजारोहण
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिंग रोड स्थित सूचना महानिदेशालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत के संविधान की उद्देशिका की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर अपर निदेशक सूचना आशिष त्रिपाठी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, रवि बिजारनिया और अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।


