श्रीनगर(चन्द्रपाल सिंह चन्द)। कोतवाली पुलिस व सीआईयू ने धोखाधड़ी के एक अभियुक्त को राजस्थान से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त अन्तर्राज्यीय ठग गिरोह का सदस्य है। पुलिस गैग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के प्राप्त जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल को श्रीनगर पौड़ी गढ़वाल निवासी श्रीमती शुभ्रा काला पुत्री श्री केपी काला ने कोतवाली श्रीनगर पर तहरीर देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने फ़ोन पर उनके खिलाफ मुम्बई पुलिस में एफआईआर दर्ज होने की बात कही तथा उन्हें डरा धमकाकर उनसे सात लाख पचास हजार रुपये की धनराशि अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवा ली है।
कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी थी। पुलिस टीम द्वारा ठोस साक्ष्य संकलन व सुरागरसी पतारसी कर इस मामले में संलिप्त अभियुक्त शंकर लाल सैनी को दिनांक विगत 31 मई को गोकुलपुरा राजस्थान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेशकर कर जेल भेज दिया है। पुलिस इस मामले में लिप्त गिरोह के अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ भादवि की धारा 420, 120 बी व 66 डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विजय सैलानी, आरक्षी दीपक कुमार व आरक्षी सीआईयू अमरजीत शामिल रहे।