पौड़ी के रिखणीखाल मे सड़क हादसा, 6 महिलाओं सहित 7 की मौत, 4 घायल - News Debate

पौड़ी के रिखणीखाल मे सड़क हादसा, 6 महिलाओं सहित 7 की मौत, 4 घायल

कोटद्वार/देहरादून। कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लॉक में हुए सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में जान गंवाने वालों में एक ही स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि महिलायें बैणी भूली योजना से संबंधित फॉर्म भरने गयी थी। एसएसपी पौड़ी ने हादसे मे 7 लोगों के मौत और 4 के घायल होने की पुष्टि की है।

हादसा रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास हुआ। एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत 6 महिलाओं की मौत हो गई। वाहन में करीब 11 लोगों के सवार होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना में घायल हुए लोगों में से कुछ को रिखणीखाल अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि गंभीर घायल को अस्पताल ले जाने के लिए एयर लिफ्ट की तैयारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। महिलाएं बैणी भुली योजना के फार्म भरने गयी थी। काम पूरा करने के बाद सभी वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और वाहन सड़क से करीब सौ मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। वहीं, सूचना मिलने पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए।

एसएसपी पौड़ी देवेंद्र पींचा ने हादसे मे 7 लोगों के मौत की पुष्ठि की है। उन्होंने बताया कि वह घटना स्थल की और रवाना हुए है और वस्तु स्थिति का मौके पर ही पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि वाहन मे 11 लोगों के सवार होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आयी है।

घटना पर सीएम ने जताया शोक, घायलों को एयर लिफ्ट करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाने के भी निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *