देहरादून। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दुगड्डा ब्लॉक स्थित चरेख गांव में शनिवार को भालू के हमले में एक महिला की मौत हो गई । महिला अपनी गाय बछड़ों के लिए चारापत्ती लेने कुछ अन्य महिलाओं के साथ जंगल गई थी। महिला आंगनबाड़ी कार्यकत्री थी । हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के लिए बेस चिकित्सालय पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद से गांव में शोक के साथ ही ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से दो भालू सक्रिय थे और इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
घटना शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की है जब चरेख निवासी अंजना देवी ( 53 वर्ष) पत्नी वनबीर सिंह चार अन्य महिलाओं के साथ गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर खेतों में चारापत्ती लेने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने अंजना देवी पर हमला कर दिया और उसे घसीटकर ले जाने लगा। यह देख आसपास मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिलाओं के शोर से घबराकर भालू घायल अंजना को खेत में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद महिलाओं ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण घायल अंजना को लेकर चरेख के मुख्य मार्ग तक पहुंचे। करीब एक घंटे बाद उसे राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार भालू के हमले में महिला के गले और पेट पर गंभीर चोटें आई थीं। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार और डीएफओ भी चिकित्सालय पहुंचे। संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को जल्द ही भालू से निजात दिलाई जाएगी। लैंसडाउन वन प्रभाग के प्रभारी प्रभागीय वनाधिकारी तरुण एस ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार तात्कालिक राहत 3 लाख रुपए की धनराशि दी गई है । साथ ही क्षेत्र में विभाग द्वारा पेट्रोलिंग की जा रही है। साथ ही ताकि भालू को क्षेत्र से खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं ।
ग्रामीण शेखर सिंह और नरेन्द्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में भालू की सक्रियता लंबे समय से बनी हुई है। पिछले वर्ष भी भालू ने एक श्रमिक पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवरों की लगातार बढ़ती घटनाओं के कारण उनकी दिनचर्या बहुत प्रभावित हुई है ।