देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में एक बार फिर सड़क हादसे मे 5 लोगों की मौत हो गयी।
हादसा शाम 4 बजे के लगभग हुआ। सहारनपुर की ओर से यूरिया लेकर आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक छह वर्षीय बच्चा सुरक्षित बचा लिया गया। बच्चे को अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कंटेनर के नीचे दबे वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों में 63 वर्षीय किरण कपूर, उनके 38 वर्षीय बेटे मिश्रेष कपूर, 38 वर्षीय बहू निशा आनंद कपूर और परिवार के साथ मौजूद चालक नीरज शामिल हैं। हादसे में परिवार का छह वर्षीय बेटा माहेर कपूर सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और देहरादून में भी उनका घर है।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे बचाव अभियान के साथ यातायात प्रबंधन में भी मुश्किलें आईं। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।
घटना स्थल पर हाइवे शुरू होने के बाद कई घटनाएं सामने आ चुकी है। जनवरी 2024 से अक्टूबर 2026 तक आसपास कम से कम 17 हादसों में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।