पौड़ी/रिखणीखाल। पहाड़ों मे जंगली जानवरों के हमले रुकने का नाम नही ले रहे हैं। पौड़ी के रिखणीखाल ब्लॉक के अंतर्गत कोलगाड़ गांव में सोमवार सुबह भालू के हमले से बचने के प्रयास में एक महिला पहाड़ी से नीचे गिर गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कोलगाड़ निवासी बसंती देवी (49) पत्नी कलम सिंह सोमवार सुबह करीब 11 बजे अकेले जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान जंगल में उसका सामना भालू से हो गया। भालू ने महिला पर हमला कर दिया। जान बचाने के प्रयास में महिला का पैर फिसल गया और वह करीब 25 से 30 मीटर नीचे पहाड़ी से जा गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर रिखणीखाल पुलिस, तहसील प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय कोटद्वार भेज दिया है।
थानाध्यक्ष रिखणीखाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला अकेले घास लेने जंगल गई थी। भालू के हमले से बचने के दौरान पहाड़ी से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है।
क्षेत्र में लगातार गुलदार और भालू के हमलों की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। जंगल में घास और लकड़ी लेने जाने वाले ग्रामीणों, खासकर महिलाओं को अपनी जान का खतरा बना हुआ है। ताजा घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों के हमलों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।