भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा: गोदियाल - News Debate

भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा: गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल कहा कि इंडिया गठबंधन के संयुक्त नेतृत्व में दिल्ली मे आयोजित महारैली ने केंद्र की भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि देश की जनता अब उसकी जनविरोधी नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी ओर अपने चहेते उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने और उनके कर्ज माफ करने का काम किया जा रहा है।
गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में विपक्षी दल के नेताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। सरकार की इस दमनकारी कार्यशैली को कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग आज भी उत्तराखंड की जनता के लिए एक बड़ा सवाल बनी हुई है।
 गोदियाल ने कहा कि आज दिल्ली के रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के समर्थन से लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा की लड़ाई निर्णायक मुकाम तक पहुंचेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली महारैली में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार के दबाव में पुलिस द्वारा हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के शांतिपूर्ण राजनीतिक अधिकारों के विरुद्ध है। इस प्रकार की कार्रवाई लोकतंत्र की भावना के अनुकूल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *