गंगा किनारे दो बच्चियों के शव मिलने से मचा हड़कंप

ऋषिकेश।गंगा किनारे नाव घाट और साई घाट के पास अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बच्चियों की मौत की परिस्थितियों से लेकर शवों के घाट तक पहुंचने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना नाव घाट के पास सामने आई, जहां करीब 10 माह की बच्ची का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बच्ची की मौत के बाद शव को गंगा में प्रवाहित किया गया हो। बहाव के साथ शव के ऋषिकेश पहुंचने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण और शव गंगा में कैसे पहुंचा, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

साई घाट पर नाल सहित मिली नवजात

दूसरी घटना साई घाट के पास सामने आई, जहां पुलिस ने करीब एक दिन की नवजात बच्ची का शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, नवजात की नाल कटी हुई नहीं मिली। इस आधार पर पुलिस जन्म के बाद की परिस्थितियों, बच्ची की मौत और शव को घाट तक पहुंचाए जाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा।
त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *