नीली बत्ती लगाकर रौब दिखा रहा फर्जी आईबी अधिकारी चढ़ा पुलिस के हत्थे

हल्द्वानी। पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान एक फर्जी आईबी अधिकारी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस के अनुसार हल्द्वानी तिकोनिया चौराहे पर पुलिस ने भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगी हुंडई कार को रोका तो चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताया। संदेह होने पर तलाशी ली गई, जिसमें फर्जी आईबी आईडी और दस्तावेजों के साथ पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार सीज कर दी है। युवक खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो यानी आईबी का अधिकारी बताकर घूम रहा था। कार पर भारत सरकार का बोर्ड और लाल-नीली बत्ती लगाकर रसूख दिखा रहा था, लेकिन पुलिस की सघन चेकिंग मे उसके फर्जीवाड़े की पोल खुल गयी।

पुलिस हल्द्वानी के तिकोनिया चौराहे पर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 आती दिखाई दी. कार पर लाल-नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगा था। पुलिस ने कार को रोककर चालक से पूछताछ की तो चालक ने अपना नाम मो. मोहासिब खान बताया। साथ ही उसने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड भी दिखाया। जब पुलिस ने उससे उसकी नियुक्ति और पद से जुड़े सवाल किए तो वह सकपका गया।

शक होने के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पूरा मामला खुल गया. कार के डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से जुड़े फर्जी कागजात और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया वह एयरगन रौब दिखाने के लिए अपने साथ रखता था। जांच में आईबी अधिकारी होने का दावा और उससे जुड़े दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर 24 वर्षीय मो. मोहासिब खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और फर्जी पहचान के इस्तेमाल के पीछे की पूरी कहानी खंगाल रही है।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *