हरिद्वार : कांवड़ यात्रा कै दौरान मंगलौर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो कांवड़ियों की मौत हो गई। नारसन और लिब्बरहेड़ी क्षेत्र में हुए हादसों के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हादसों को अंजाम देने वाले वाहनों की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार देर रात नारसन शिव मंदिर के पास करीब 27 वर्षीय कांवड़िया किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को मृतक के बैग से 6110 रुपये और एक मोबाइल फोन मिला है। मोबाइल बंद होने के कारण अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। दूसरा हादसा रविवार सुबह लिब्बरहेड़ी क्षेत्र में हुआ। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 45 वर्षीय कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि वह मांगा निवासी बड़ौत, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
दोनों हादसों के बाद पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हादसा करने वाले वाहनों का पता लगाया जा सके इंस्पेक्टर भगवान महर ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply