रामनगर। सड़क पर निर्माण कार्य के लिए पड़ी रेता-बजरी की चपेट में आई बाइक के फिसलने से एक युवा होटल कारोबारी की मौत हो गयी।
जानकारी के अनुसार कोटाबाग निवासी पर्यटन व्यवसायी ललित महरा (30 वर्ष) वर्तमान में रामनगर के कानिया क्षेत्र में रहकर ग्राम सेमलखलिया में 18 कमरों का एक होटल संचालित करता था। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे ललित अपने होटल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कानिया क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे डाली गई रेता-बजरी की वजह से ललित की बाइक का संतुलन बिगड़ने से फिसलकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि ललित महरा को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उठाकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि ललित के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जिसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया। मामले में पुलिस को अभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की अपने स्तर से जांच में जुटी है।