टिहरी। टिहरी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आयी है। जिले के जाखणीधार ब्लॉक के कोटी खास गांव में बेटे मां की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार बेटा मानसिक रूप से बीमार है।
जानकारी के अनुसार 53 वर्षीय डुग्गा देवी घर में मृत मिलीं। उनके सिर पर चोट के निशान थे। मृतका के भतीजे कृष्ण सजवान की तहरीर पर बेटे अजय सिंह सजवाण के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटा अजय सिंह सजवाण घटना के बाद फरार है। ग्रामीणों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है और अक्सर घर से बाहर रहता था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि डुग्गा देवी का 32 वर्षीय बेटा अजय सिंह सजवाण विदेश मे किसी होटल में नौकरी करता था। एक वर्ष पहले लौटने के बाद वह इंदौर में एक होटल में नौकरी कर रहा था, लेकिन लगभग एक महीने पहले नौकरी छोड़कर वह गांव लौट आया था।
उसकी पत्नी और दो बच्चे श्रीनगर में किराये के मकान में रहते हैं। छोटा भाई दुबई में होटल में नौकरी करता है। बहन की शादी हो गई है। एक महीने पहले ही वह इंदौर से नौकरी छोड़कर आया था और कई-कई दिनों तक घर से गायब रहकर जंगलों में भटकता रहता था।
53 वर्षीय डुग्गा देवी (गुड्डी) पत्नी स्व. गुलाब सिंह अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह काफी देर तक उसके बाहर न दिखाई देने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने घर में जाकर देखा तो वह कमरे में मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।डुग्गा देवी के सिर पर चोट के गहरे निशान हैं। ग्रामीणों ने बेटे अजय सिंह सजवाण पर ही हत्या का शक जाहिर किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मृतका के भतीजे कृष्ण सजवान की तहरीर पर अजय सिंह सजवाण के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है। एसडीआरएफ और वन विभाग के सहयोग से संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।