देहरादून। खराब मौसम की वजह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा रद्द हो गया है।आज राहुल गांधी को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करना था और वह समय से पंतनगर भी पहुंच चुके थे। राहुल हेलीकॉप्टर के जरिये अल्मोड़ा के लिए रवाना हुये, लेेकेन कुछ ही देर बाद खराब मौसम के कारण राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।
पंतनगर में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद राहुल गांधी ने फोन के जरिये अल्मोड़ा की जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद काफी देर तक मौसम के ठीक होने का इंतजार किया गया। आखिर में खराब मौसम को देखते हुए राहुल गांधी को अपना उत्तराखंड दौरा कैंसिल कर पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गये।
दिल्ली रवाना होने से पहले उत्तराखंड की जनता को संदेश देते हुए राहुल गांधी ने कहा मैं आप सभी से मिलकर आपकी बातें सुनना चाहता था। आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था।
प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कई बार परिस्थितियाँ हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता।
मैं आपसे वादा करता हूँ कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊँगा। तब हम जल्दबाज़ी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि 4 और 5 जून को राहुल गांधी का अल्मोड़ा, पौड़ी और देहरादून कार्यक्रम प्रस्तावित था। अल्मोड़ा में उनकी पब्लिक मीटिंग, पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ बातचीत तथा भूतपूर्व सैनिकों का एक बड़ा सम्मेलन प्रस्तावित था। इसके अलावा कोटद्वार मे मोहम्मद दीपक से मुलाकात और देहरादून में कांग्रेस के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक थी।