ऋषिकेश। योग नगरी रेलवे स्टेशन के समीप खान गांव क्षेत्र में सोमवार रात हुए रेल हादसे से पहले तेज धमाके जैसी आवाज ने पूरे इलाके को दहला दिया। रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक हुई जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में लोगों को पता चला कि उज्जैन एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतर गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि कई घरों में लोग घबरा गए। पहले लोगों को लगा कि कहीं पहाड़ी क्षेत्र में ब्लास्टिंग या कोई बड़ा हादसा हुआ है, लेकिन रेलवे ट्रैक की ओर हलचल बढ़ने पर लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पटरी से उतरने के दौरान डिब्बों के आपस में झटके से टकराने और लोहे की तेज आवाज दूर तक सुनाई दी। रात के सन्नाटे में यह आवाज और भी भयावह महसूस हुई। कई ग्रामीण मोबाइल फोन की टॉर्च लेकर ट्रैक तक पहुंचे और वहां क्षतिग्रस्त डिब्बों को देखकर हैरान रह गए।
घटना के बाद कुछ समय तक लोगों में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में पता चला कि ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बावजूद हादसे ने इलाके में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यही घटना यात्री ट्रेन संचालन के दौरान होती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। फिलहाल रेलवे विभाग मामले की जांच में जुटा है, लेकिन तेज धमाके के साथ हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
तकनीकी खराबी या कुछ और? जांच मे होगा साफ
उज्जैन एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने के मामले में फिलहाल कई सवाल बने हुए हैं। रेलवे अधिकारी तकनीकी खराबी की बात कह रहे हैं, जबकि स्थानीय लोग घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। ट्रेन की मूवमेंट, लोको पायलट की मौजूदगी और सुरक्षा मानकों को लेकर अलग-अलग चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पूरे घटनाक्रम की असली वजह क्या थी, यह अब रेलवे जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।