ऑपरेशन प्रहार: कल्लू गैंग से जुड़े एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार – News Debate

ऑपरेशन प्रहार: कल्लू गैंग से जुड़े एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार

06 माह पूर्व उडीसा के जिला कारागार कटक से जेल तोडकर हो गया था फरार

देहरादून। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बिहार के कुख्यात कल्लू गैंग से जुड़े एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार अभियुक्त राजा साहनी पुत्र महेश साहनी निवासी बेगूसराय (बिहार) है, जो लगभग छह माह पूर्व कटक स्थित जिला कारागार से फरार हो गया था। उसके विरुद्ध ओडिशा पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक,ओडिशा पुलिस टीम ने कोतवाली ऋषिकेश पहुंचकर सूचना दी थी कि आरोपी को त्रिवेणी घाट क्षेत्र में देखा गया है। इस सूचना पर विशेष पुलिस टीमें गठित कर तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से संदिग्ध वाहन की पहचान करते हुए ऋषिकेश एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। तत्पश्चात नटराज चौक से टिहरी मार्ग पर सुमन पार्क के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार (पीबी-10-डीएन-0508) को रोका गया। वाहन की तलाशी के दौरान पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में की गई, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ ओडिशा के थाना चौदवार, जनपद कटक में मुकदमा संख्या 594/2025 तथा थाना पानीकोईली, जिला जाजपुर में भी गंभीर धाराओं में अभियोग दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में अन्य राज्यों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामलों के संकेत मिले हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपित से विस्तृत पूछताछ जारी है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *