हल्द्वानी। प्रदेश मे जंगली जानवरों के हमले बदस्तूर जारी हैं। घास लेने गयी महिला को बाघ के द्वारा मार डाले जाने की एक दुखद घटना राम नगर से आयी है।
घटना रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज की है। बताया जाता है कि हल्द्वानी के कटघरिया क्षेत्र स्थित पनियाली जंगल में कमला फर्त्याल निवासी पनियाली रोज की तरह आज भी सुबह अकेले जंगल में घास लेने गई थी। दोपहर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। परिजनों ने मामले की सूचना वन विभाग और मुखानी थाना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची टीमों ने स्थानीय लोगों के साथ जंगल में महिला की तलाश की। इस दौरान टीम को कई जगह खून और महिला के कपड़े मिले। लगभग दो किलोमीटर अंदर जंगल में महिला का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ।
वन कर्मियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया बाघ के हमले से महिला की मौत मानी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है। वहीं आदमखोर को पकड़ने के लिए कैमरे और पिंजरे लगाए जाएंगे। घटना के बाद गाँव मे दहशत का माहौल है।