देहरादून। शिक्षा निदेशक के साथ हुई मारपीट के मामले में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ ने आज भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सार्वजनिक रूप से पूरे घटनाक्रम के लिए माफी मांगी है।
विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसके लिए वह शर्मिंदा हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह शिक्षा निदेशक से किसी प्रकार का विवाद करने नहीं गए थे, बल्कि अपने विधानसभा क्षेत्र के उस स्कूल के संबंध में बातचीत करने पहुंचे थे जो बंद होने की कगार पर है। उनका कहना था कि वह बच्चों के हित में स्कूल को बंद होने से बचाने की मांग लेकर गए थे, लेकिन परिस्थितियां अचानक ऐसी बन गईं, जिससे पूरा घटनाक्रम घटित हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले को और अधिक तूल नहीं देना चाहते, इसलिए सार्वजनिक रूप से माफी मांग रहे हैं।
हालांकि, प्रेस वार्ता के बाद पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों पर विधायक कुछ असहज नजर आए और सवालों का जवाब दिए बिना ही प्रेस वार्ता छोड़कर चले गए।