ऋषिकेश/ देहरादून।ऋषिकेश के शिवाजी नगर मे शनिवार रात महिला की गोली मारकर हत्या के मामले मे प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आया है। पुलिस मामले मे पिता द्वारा नामजद आरोपी की तलाश मे जुटी है।
मृतक महिला के पिता बच्चन सिंह रावत ने तहरीर मे बेटी की हत्या का आरोप सुरेश गुप्ता पर लगाया है। पुलिस ने आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच व आसपास के लोगों से पूछताछ मे प्रकाश में आया कि मृतक महिला का कुछ वर्ष पूर्व अपने पति से तलाक हो गया था। कोरोना के समय मृतक महिला ससुराल वालों की ऋषिकेश स्थित दुकान में काम करने के लिए आई थी, जहां उसकी मुलाकात सुरेश गुप्ता से हुई थी। उसके बाद सुरेश गुप्ता का अक्सर मृतक महिला से मिलना जुलना होता था और उसका महिला के घर पर आना-जाना था। सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी जब उसके घर वालों को पता चली तो सुरेश गुप्ता व उसकी पत्नी के बीच कलह की बात भी सामने आयी। सुरेश गुप्ता व प्रीति के बीच प्रेम प्रसंग के चलते पारिवारिक विवाद बढ़ता गया। विवाद के चलते सुरेश गुप्ता द्वारा प्रीति के साथ विवाह करने के लिए अपनी पत्नी से लगभग 4 माह पूर्व आपसी सहमति से तलाक ले लिया गया। सुरेश गुप्ता द्वारा अपनी लक्सर हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक सारी संपत्ति 35 लाख में बेचकर ऋषिकेश मे प्रीति के साथ रहने के लिए मकान ढूंढ़ने लगा। लेकिन 35 लाख में कोई अच्छी संपत्ति न मिलने के कारण सुरेश व प्रीति के बीच मनमुटाव बढ़ने लगा। जिस कारण सुरेश गुप्ता मानसिक रूप से डिप्रेशन मे भी चल रहा था।
पुलिस का मानना है कि लक्सर स्थित सारी संपत्ति बेचकर भी ऋषिकेश में प्रीति संग शादी कर रहने के लिए मकान न खरीद पाने के चलते मनमुटाव व अवसाद में आकर सुरेश द्वारा घटना को अंजाम दिया जाना लग रहा है। पुलिस द्वारा घटना के सभी संभावित पहलुओ को खंगाल रही है।
गौरतलब है कि शनिवार की रात ऋषिकेश के शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने देखा कि हमलावर मौके से भाग रहे हैं और घर के अंदर एक महिला लहूलुहान फर्श पर पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को तत्काल सूचना दी। सूचना के आधार पर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। बाद मे पुलिस ने महिला के पिता को फोन पर सूचना देकर बुलाया।
आरोपी पहले भी दे चुका था महिला को धमकी
मृतका के पिता के अनुसार पहले भी आरोपी उसे मारने की धमकी दे चुका था। जिसकी उन्होंने शिकायत पुलिस को दी थी और आरोपी द्वारा माफीनामा भी लिख के दिया था। वारदात को अंजाम देने से पहले भी उसने परिजनों को धमकी दी थी।