गैरसैंण। उत्तराखंड विधान सभा का गैरसैंण मे आयोजित मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। 19 अगस्त को शुरू सत्र 20 अगस्त को महज 2 घण्टे 40 मिनट ही चल पाया। सत्र की शुरुआत होते ही विपक्ष ने कानून व्यवस्था और विपक्ष पहले दिन से ही आपदा व कानून व्यवस्था पर नियम 310 के तहत चर्चा कराए जाने की मांग कर हंगामा किया। सदन 7 बार स्थगित किया गया। वहीं चर्चा की मांग पर अड़े विपक्ष ने विधानभवन के मंडप के अंदर ही गद्दे, रजाई डालकर रात बिताई। सीएम की ओर से विपक्ष को मनाने की सभी कोशिशें भी काम नही आयी।
नैनीताल जिप प्रकरण और बेतालघाट की फायरिंग पर अड़े विपक्ष को शांत करने के लिए सीएम ने गोलीकांड मामले की कमिश्नरी जांच तथा दर्ज एफआईआर की सीबीसीआईडी जांच के निर्देश भी दिये, लेकिन विपक्ष टस से मस नही हुआ। दोनों ही दिन प्रश्न काल भी नही चल पाया।
दूसरी ओर विपक्ष के शोरगुल के बीच सरकार ने ₹5,315 करोड़ का अनुपूरक बजट और 9 विधेयक पास करवा लिए। हालांकि यह सवाल पहले की भाँति एक बार फिर उठा कि सत्र के आयोजन के लिए भारी भरकम खर्च पर सरकारी मशीनरी को गैरसैंण ले जाना कितना सार्थक रहा। सदन मे जनता से जुड़े मुद्दे नही उठे। भाजपा और कांग्रेस की ओर से सत्र न चलने के लिए दोनों ही दिन आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला चला, लेकिन जन आशीर्वाद से सदन तक पहुंचे माननीय दो दिन आवाजाही मे ही मशगूल रहे और जनता से जुड़े मुद्दों की किसी को परवाह नही रही। एक बार फिर गैरसैंण सत्र सैर सपाटे तक ही सीमित हो गया।
यह विधेयक भी हुए पास
उत्तराखंड विनियोग (Supplementary Appropriation) विधेयक, 2025
उत्तराखंड–उत्तर प्रदेश श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम, 1939 (संशोधन) विधेयक, 2025
उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि-विरुद्ध प्रतिषेध (संशोधन) विधेयक, 2025 – जिसे आमतौर पर अंटी-रूपांतरण बिल (Anti-conversion Bill) कहा जा सकता है।
उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, 2025
उत्तराखंड साक्षी संरक्षण निरसन विधेयक, 2025
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक, 2025 – Minority Educational Institutions Bill
समान नागरिक संहिता उत्तराखंड (संशोधन) विधेयक, 2025 – Uniform Civil Code (Amendment)
उत्तराखंड पंचायती राज (संशोधन) विधेयक, 2025
उत्तराखंड लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक, 2025