विश्वनाथ जगदीशिला डोली पहुँची टपकेश्वर महादेव, सैंकड़ो भक्तों ने किए दर्शन

देहरादून। बाबा विश्वनाथ- माँ जगदीशिला डोली यात्रा आज अपने पड़ाव के तहत भगवान शिव के तीर्थ स्थान श्री टपकेश्वर महादेव पहुँची तो वहाँ सैंकड़ों भक्तों ने पुष्पवर्षा और जय भोले की पुकार करते हुए डोली का भव्य स्वागत किया। लोगों ने शीश नवाते हुए अपनी मन्नत माँगी। इस अवसर पर मन्दिर के महंत भरत गिरी महाराज की अगुवाई में पूजा अर्चना की गई।

डोली आज नंदा विहार, जागृति विहार, गणेश विहार और पुष्पांजली एन्क्लेव से होते हुए महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रृद्धालुओं को दर्शन देते हुए श्री टपकेश्वर महादेव पहुँची। बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह में भारी जोश दिखा। यहाँ भजन कीर्तन और भोले की जयकार के साथ गर्मजोशी से डोली का स्वागत किया गया। जलाभिषेक के बाद पूजा अर्चना हुई और सभी ने अपनी मनोकामना के लिए डोली से शीश नवाते हुए मन्नतें मांगी। महिलाओं ने इस अवसर पर भावुक होते हुए डोली को स्पर्श किया। इसमें कई ऐसे श्रृद्धालु थे जो विभिन्न प्रदेशों से यहाँ पहुँचे हुए थे जिन्होंने पहली बार इस तरह देव डोली को नजदीक से देखा और उसका स्पर्श किया। उनका कहना था कि देवभूमि में देवताओं का स्मरण और उन्हें नजदीक से देखने का अलग ही अनुभव है। बाबा केदार के दर्शन मानो हमें यहाँ विश्वनाथ डोली के माध्यम से हो गए है।

भोले की महिमा का वर्णन करते हुए केदारनाथ धाम की वेद पाठी  सच्चिदानंद डिमरी ने कहा कि भगवान शंकर की महिमा का वर्णन शब्दों में नहीं किया जा सकता। आज पूरे विश्व में अशांति का माहौल है। भारत-पाकिस्तान के बीच उपजे ताजा हालात में उन्होंने कहा कि आज आम जन मानस डरा और सहमा हुआ है ऐसे में ईश्वर ही एकमात्र आसरा है और विश्व के नाथ बाबा विश्वनाथ इसमें सबसे संकटमोचक है। उनकी देव डोली को पूरे उत्तराखण्ड में विश्व शांति का संदेश देने के लिए निकले। डोली के संयोजक मंत्री प्रसाद नैथानी एक साधक के रूप में जो भगीरथ प्रयास कर रहे है वे साधुवाद के पात्र है। राजनीतिक और सामाजिक जीवन में यदि मानव विश्व कल्याण की भावना के तहत इस तरह के आयोजन करते हो तो वह इतिहास में शिखर पुरूष के रूप में गिने जाते है।

इस अवसर पर टपकेश्वर महादेव के महंत भरत गिरी महाराज ने डोली यात्रा में आये सभी लोगों को भगवान शिव के प्रसाद और पटके देकर सम्मानित किया। टपकेश्वर महादेव समिति से जुड़े श्री लालचंद शर्मा ने इसमें सहयोग की भूमिका निभाई। यात्रा समिति के अध्यक्ष रूप सिंह सचिव भरत सिंह, पश्वा कुंवर सिंह राणा श्री इन्द्रभूषण बडोनी, मनोज नौटियाल, कैलाश मैठानी, श्रीमती कुसुम सकलानी बडोनी, श्रीमती लक्ष्मी कपरूवाण अग्रवाल, श्रीमती रोशनी डंगवाल नैथानी, श्रीमती उषा बडोनी मैठानी, श्रीमती कविता, देवेश्वरी, संजय जैन, विवेक सूरी, श्री राकेश गुप्ता, श्री मनोज राणा, श्री परमवीर सिंह, श्री श्यामलाल आदि उपस्थित थे।

डोली यात्रा अपने अगले पड़ाव भद्रराज मन्दिर के लिए प्रस्थान कर गई जहाँ से डोली आज रात्रि विश्राम के लिए राधा कृष्ण मसूरी पहुँचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *