08 वर्षो से लगातार युवक को अलग- अलग स्थानों में तलाश रहे थे परिजन
युवक की कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने छोड़ दी थी आस, पुत्र को मान लिया था मृत
देहरादून। भाव नगर गुजरात से पिछले 08 सालो से लापता मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक को ऋषिकेश पुलिस ने उसके परिजनों से मिला दिया। युवक के बरामद होने के बाद परिजन गदगद हैं तो भावनगर ईस्ट के विधायक ने सीएम, डीजीपी और एसएसपी को धन्यवाद पत्र लिखा है।
12 जनवरी को कोतवाली ऋषिकेश पुलिस द्वारा मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक नयन कुमार ऋषिकेश क्षेत्र में लावारिस अवस्था में घूमते हुए मिलने पर संरक्षण में लिया गया था। पूछताछ में उक्त युवक का मानसिक रूप से विक्षिप्त होना पता लगा। पुलिस द्वारा की गई पड़ताल मे युवक मूल रूप से भावनगर गुजरात से होने की जानकारी मिली। जिस पर स्थानीय पुलिस से संपर्क करने पर पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त युवक पिछले 8 वर्षों से अपने घर से लापता है, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट गुजरात के भावनगर थाने में दर्ज है, तथा गुजरात पुलिस पिछले 8 वर्षों से उसकी तलाश कर रही है। पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें ऋषिकेश बुलाकर उक्त युवक को उनके सुपुर्द किया गया।
दून पुलिस की मेहनत और कार्य की गुजरात के भावनगर ईस्ट के विधायक सेजल राजीव कुमार पंड्या द्वारा मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई तथा मुख्यमंत्री उत्तराखंड को धन्यवाद पत्र ज्ञापित करते हुए उनके निर्देशन में उत्तराखंड पुलिस द्वारा किये जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। साथ ही देहरादून पुलिस की कार्यशैली तथा मानवीय संवेदना की प्रशंसा करते हुए एसएसपी देहरादून को भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।