SIT की जांच तेज, कांग्रेस ने की अध्यक्ष के नार्को टेस्ट की मांग
देहरादून। बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान की राशि में हुई हेराफेरी के मामले में शनिवार को गिरफ्तार दूसरे आरोपी राजेंद्र सिंह चौहान को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। राजेंद्र सिंह चौहान ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने यह पूरी वारदात मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के कहने पर अंजाम दी थी। प्रमोद नौटियाल को पूर्व में ही जेल भेजा जा चुका है और अब पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, जिससे उम्मीद है कि जांच में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मंदिर समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और वर्तमान बोर्ड को भंग करने की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि इस बड़े घोटाले में मंदिर के भीतर के ही लोग शामिल हैं और कार्रवाई सिर्फ छोटे मोहरों पर हो रही है।
दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कमल रतूड़ी ने सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के इशारे पर ही प्रमोद नौटियाल को प्रोटोकॉल अधिकारी और चढ़ावे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जबकि उसका पूर्व में धाम में रहने का कोई रिकॉर्ड नहीं रहा है। रतूडी ने निष्पक्ष जांच के लिए प्रमोद नौटियाल और अध्यक्ष का नार्को टेस्ट कराने की पुरजोर मांग की है।