
पंजाब।चन्नी समेत इन दिग्गजों को मिली करारी हार, चंडीगढ़ पंजाब 117 सदस्यीय विधानसभा चुनावों की आज हो रही मतगणना के अब तक के रूझानों में आम आदमी पार्टी (आप) 92 सीटों पर बढ़त हासिल कर राज्य की राजनीति में इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस 18 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे जबकि शिरोमणि अकाली दल(शिअद) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन 4 तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) गठबंधन महत 2 सीटों पर आगे है। एक सीट पर अन्य आगे चल रहा है।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब की जनता ने नकार दिया है। चन्नी गुरुवार को आए नतीजों में अपनी दोनों सीटों से चुनाव हार गए हैं। चन्नी ने इन चुनावों में चमकौर साहिब और भदौर सीटों से चुनाव लड़ा था, लेकिन इसके बावजूद वो अपनी कुर्सी नहीं बचा पाए। फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन और कांग्रेस प्रत्याशी मालविका सूद पीछे चल रही है। पटियाला सीट से कैप्टन अमरिंदर सिंह चुनाव हार चुके हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था।
नवजोत सिंह सिद्धू की हार, आप की जीवन ज्योत ने हराया
अमृतसर पूर्वी सीट से नवजोत सिंह सिद्धू हारे। यहां से आप की जीवन ल्योत की तीज हुई। आम आदमी पार्टी की जीवन ज्योत को 37258, कांग्रेस के नवजोत सिंह सिद्धू को 31716 और शिरोमणि अकाली दल के बिक्रम सिंह मजीठिया को 24213 मिले।
अमृतसर केंद्रीय से आम आदमी पार्टी के डॉक्टर अजय गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री ओमप्रकाश सोनी को 14026 मतों से हराया। लंबी से पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल हार गए हैं। गिद्दड़बाहा में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग जीत गए हैं।
बता दें, यह पहला मौका होगा जब आप की पंजाब में सरकार बनेगी। इस समय पार्टी की दिल्ली में अपनी सरकार है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी 20 सीटें लेकर दूसरे नम्बर पर रही थी। कांग्रेस उस समय 77 सीटें लेकर सरकार बनाने में कामयाब रही थी। वहीं शिअद को 15 सीटें मिलीं थीं और इस बार भी उसकी हालत पतली नजर आ रही है। आप के राष्ट्रीय संयाेजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनादेश के लिये राज्य की जनता का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिये बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे निभाएंगे। मिलजुल कर पंजाब के लिये काम करेंगे और राज्य को आगे लेकर जाएंगे।
पार्टी के पंजाब मामलों के सह प्रभारी राघव चढ्डा ने कहा कि पंजाब की जनता ने साबित कर दिया है कि उसे केजरीवाल -भगवंत मान की जोड़ी पसंद है। इस जीत की श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और राज्य की जनता को जाता है जिसने अन्य सभी दलों को नकारते हुये एक ईमानदार पार्टी को चुना है और ‘केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस एंड डेवलपमेंट‘ को जनादेश दिया है। यह जनादेश विशुद्ध रूप से कांग्रेस और शिअद के कथित भ्रष्ट शासन के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गत कुछ महीनों में अन्य दलों ने आप और इसके नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा कर बहुत कीचड़ उछाला लेकिन जनता ने इन्हें करारा जबाव दिया है। उन्होंने कहा कि आप राष्ट्रीय स्तर पर एक राजनीतिक ताकत बन कर उभर रही है और कांग्रेस का विकल्प बनेगी। आप की पंजाब में जीत से यह राज्य अब उड़ता पंजाब नहीं बल्कि खुशहाल पंजाब बनेगा। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के सबके लिये काम करेगी।